नजरिया न्यूज। भरगामा
पाकिस्तान द्वारा हाल ही में किए गए उकसावे और सीमापार हमलों के बीच देशभर में आक्रोश का माहौल है। हर भारतीय नागरिक अब देश की सुरक्षा के लिए सेना के साथ खड़ा दिख रहा है। इसी कड़ी में भरगामा के सामाजिक कार्यकर्ता एवं आजाद हिंद फौज के संयोजक प्रभात यादव ने देश की रक्षा के लिए एक साहसिक कदम उठाया है। प्रभात यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति, जनरल सीडीएस, रक्षा मंत्रालय, बिहार के राज्यपाल, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित कई शीर्ष अधिकारियों को पत्र लिखकर भारत-पाक सीमा पर सैन्य अभियान में शामिल होने की अनुमति मांगी है। अपने पत्र में प्रभात यादव ने लिखा है मैं प्रभात यादव, ग्राम अड़राहा, थाना फारबिसगंज, जिला अररिया का निवासी हूं। पिछले 10 वर्षों से ‘आजाद हिंद फौज’ संगठन के माध्यम से राष्ट्र सेवा और जन सेवा में सक्रिय हूं। वर्तमान में भारत-पाक के बीच तनावपूर्ण स्थिति है और मुझे लगता है कि अब समय आ गया है जब प्रत्येक नागरिक को देश के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा हमारी आजाद हिंद फौज के हर सिपाही में देश के लिए जान देने का जज्बा है। मैं स्वयं सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मातृभूमि की रक्षा करना चाहता हूं। यदि इस प्रयास में मेरे प्राण भी चले जाएं, तो उसे मैं अपना सौभाग्य समझूंगा। गौरतलब है कि बीते 7 मई की रात भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के नौ ठिकानों को नष्ट किया था। उसके बाद से पाकिस्तान द्वारा ड्रोन और मिसाइल के माध्यम से भारत में हमले की कोशिशें हो रही हैं, जिन्हें भारतीय सेना ने सफलतापूर्वक विफल किया। प्रभात यादव का यह कदम न सिर्फ देशभक्ति की मिसाल है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि आज का युवा देश के लिए कुछ भी करने को तैयार है। देश के प्रति ऐसी भावना वाकई प्रेरणादायक है।






















