नज़रिया न्यूज नई दिल्ली।
विश्व शांति एवं सद्भावना समिति के अध्यक्ष और भारतीय मुस्लिम समुदाय के प्रखर नेता हाजी शकील सैफ़ी ने एक बार फिर राष्ट्रप्रेम की मिसाल पेश की है। हाल ही में पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले और उसके बाद पाकिस्तान द्वारा भारत के विरुद्ध की गई सैन्य कार्रवाइयों की उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा, *“भारत माता हम सबकी पहचान है।”*
हाजी सैफ़ी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत का हर मुसलमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और आतंकवादियों के खिलाफ भारत सरकार की हर कार्रवाई का समर्थन करता है। *“हमारे प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए जो साहसिक कदम उठाए हैं, हम उसका पूर्ण समर्थन करते हैं। यह समय एकता का है, न कि राजनीति का,”* उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत की सेना, नौसेना और वायुसेना जिस समर्पण से देश की सीमाओं की रक्षा कर रही है, वह सराहनीय है। *“हम अपने सैनिकों को सलाम करते हैं, जो दिन-रात हमारी सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात हैं ताकि हम अपने घरों में चैन की नींद सो सकें।”*
हाजी शकील सैफ़ी ने कहा, *“कोई भी मज़हब देश से ऊपर नहीं होता। धर्म का काम जोड़ना है, तोड़ना नहीं। हम भारतीय मुसलमान पहले भारतीय। माँ भारती सर्वोपरि है, हम सभी उसकी संताने हैं।”*
उन्होंने मुस्लिम समुदाय से भी अपील की कि वह देश के साथ खड़ा हो और उन ताकतों को करारा जवाब दे जो देश की शांति भंग करना चाहती हैं। उन्होंने पाकिस्तान के उकसावे और सीमा पार से किए गए हमलों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है, लेकिन अपनी रक्षा के लिए हर कदम उठाने को तैयार है।
*“हम सभी को एक स्वर में कहना चाहिए – जय हिंद, जय भारत। यह हमारा कर्तव्य भी है और धर्म भी।”*
इस बयान के साथ हाजी शकील सैफ़ी ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि भारत का मुस्लिम समाज राष्ट्रभक्ति में किसी से पीछे नहीं है और जब बात देश की अखंडता और सुरक्षा की हो, तो पूरा भारत एकजुट है।






















