नजरिया न्यूज नई दिल्ली। वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन हाजी शकील सैफी ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में आतंकवादी ढांचों पर भारतीय सेना द्वारा की गई सफल कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना को हार्दिक धन्यवाद और अभिनंदन दिया है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा था, वो कर दिखाया। भारत ने आतंक के खिलाफ एक स्पष्ट और सख्त संदेश दिया है कि अब और बर्दाश्त नहीं होगा।”
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने 9 आतंकवादी ठिकानों को 24 सटीक मिसाइल हमलों के जरिए नष्ट किया। सरकार के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सिर्फ एक सैन्य जवाब नहीं थी, बल्कि भारत के रणनीतिक संकल्प (strategic resolve) का बयान थी। इन ठिकानों से भारत के खिलाफ हमलों की योजना बनाई और निर्देशित की जा रही थी।
इस अभियान की जानकारी देने के लिए भारतीय सरकार की ओर से दो महिला सैन्य अधिकारियों, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने प्रेस को ब्रीफ किया। इस कदम की चारों ओर सराहना हो रही है, क्योंकि यह उन महिलाओं को श्रद्धांजलि है जिन्होंने हालिया पहलगाम आतंकी हमले में अपने पति खोए। ऑपरेशन का नाम ‘सिंदूर’ भी इन्हीं वीरांगनाओं के सम्मान में रखा गया, जिनके माथे का सिंदूर छिन गया।
हाजी शकील सैफी ने कहा, “भारत ने संयम के साथ सटीक कार्रवाई की है। पाकिस्तान को एक करारा जवाब दिया गया है, मगर सैन्य प्रतिष्ठानों को नहीं छूकर हमने अपनी परिपक्वता और जिम्मेदारी भी दिखाई है। आतंकवाद को पालने वालों को अब समझ लेना चाहिए कि भारत अब चुप नहीं रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जी की इच्छाशक्ति और भारतीय सेना के साहस को मैं सलाम करता हूँ। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ आतंक के अड्डों पर हमला नहीं, बल्कि दुनिया को दिया गया यह संदेश है कि भारत अपनी रक्षा और शांति के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।”
हाजी शकील सैफी ने महिला सैन्य अधिकारियों द्वारा ब्रीफिंग किए जाने पर भी गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह निर्णय अपने आप में ऐतिहासिक और शक्तिशाली है। महिला शक्ति को आगे लाकर भारत ने यह साबित कर दिया कि हम हर मोर्चे पर सक्षम हैं, चाहे वो रणभूमि हो या कूटनीति।”
उन्होंने इस अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि वर्ल्ड पीस हार्मनी संस्था भारत की आतंकवाद विरोधी कार्रवाईयों का पूरी तरह समर्थन करती है। “शांति सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि निर्णायक कदमों से आती है। ऑपरेशन सिंदूर इसका प्रमाण है,” सैफी ने कहा।
देशभर में ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की जा रही है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि भारत ने यह दिखा दिया कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी नीति में अब कोई ढील नहीं होगी।




















