नजरिया न्यूज अररिया।
अररिया में आज संध्या 7:00 बजे से 7:10 बजे तक गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के तहत ब्लैकआउट किया जाएगा। इस संबंध में जिला पदाधिकारी श्री अनिल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में पूर्व सैनिकों, आपदा मित्रों, स्काउट्स एवं एनसीसी वालंटियर्स के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित समय पर इमरजेंसी सायरन बजेगा, जिसके बाद सभी घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली बंद कर दी जाएगी। इस दौरान इनवर्टर और जनरेटर का भी उपयोग नहीं करने की अपील की गई है। साथ ही आमजन से कहा गया है कि वे वाहन चलाते समय निर्धारित समय पर उसे एक किनारे लगाकर लाइट बंद रखें।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल के दौरान अस्पतालों और एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं को ब्लैकआउट से अलग रखा गया है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा ना हो। यह ड्रिल फिलहाल सिर्फ अररिया शहरी क्षेत्र में आयोजित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं आपदा की स्थिति में तैयारी को लेकर यह मॉक ड्रिल अहम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भयभीत न हों और इस अभ्यास में प्रशासन का सहयोग करें।
मॉक ड्रिल शेड्यूल:
07:00 बजे: इमरजेंसी सायरन बजेगा
07:00 से 07:10 बजे तक: पूर्ण ब्लैकआउट, सभी लाइट बंद रहेंगी






















