रंजन राज सिकटी (अररिया)। सिकटी थाना क्षेत्र के पहाड़ा चौक वार्ड नंबर 9 में सोमवार को एक नवविवाहिता ने गले में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। मृतका ने चार साल पहले प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागकर शादी की थी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग पहुंचे और उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकटी ले गए।
जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि मृतका के गले पर काले रंग का निशान पाया गया है। सूचना पर पहुंची सिकटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया।
साथ ही फोरेंसिक जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य के लिए कुछ नमूने एकत्र किए।
—–प्रेम प्रसंग में भागकर की थी शादी——-
मृतका की पहचान मुरारीपुर पंचायत के वार्ड नंबर 1 निवासी लोकेन्द्र मंडल की 21 वर्षीय पुत्री स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। स्नेहा ने 2020 में पहाड़ा चौक निवासी रविन कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रसंग के चलते भागकर शादी की थी। शादी के बाद दोनों लगभग दो साल तक नेपाल में रहे। उनका एक दो साल की बेटी भी है। पिछले डेढ़ साल से दोनों पहाड़ा चौक स्थित अपने घर में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के कारण स्नेहा ने यह कदम उठाया।
——मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप—-
मृतका के पिता लोकेन्द्र मंडल और माता सिंपी देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। सिंपी देवी ने रोते हुए कहा, “मेरी बेटी को बहला-फुसलाकर शादी की गई और अब उसकी हत्या कर दी गई है।”
———पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज——–
सिकटी थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। उन्होंने बताया कि अब तक मृतका के परिजनों द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।






















