- जिलावासियों की मिलेगी कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात
अररिया, 29 नवंबर।
स्वास्थ्य व कृषि मंत्री बिहार सरकार मंगल पांडेंय अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत शनिवार 30 नवंबर को अररिया पहुंचेंगे। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्द्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसे लेकर हर जरूरी तैयारी पूरी हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिले में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गये हैं। वहीं सदर अस्पताल अररिया व अनुमंडल अस्पताल फारबिसगंज में भी विशेष तैयारियां की गयी है।
कई स्वास्थ्य परियोजना का करेंगे शिलान्यास व उद्द्घाटन
स्वास्थ्य व कृषि मंत्री बिहार सरकार मंगल पांडेय अपने प्रस्तावित यात्रा के क्रम में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्द्घाटन करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय दोपहर 02 बजे सदर अस्पताल परिसर पहुंचेंगे। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा अस्पताल परिसर में नवनिर्मित मातृ एवं शिशु अस्पताल का उद्द्घाटन करेंगे। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय इंतजाम का जायजा लेंगे।
इसी क्रम में फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल में 117 लाख रुपये की लागत से बने नवनिर्मित एमएनसीयू का स्वास्थ्य मंत्री द्वारा उद्द्घाटन किया जायेगा। वहीं 599 लाख की लागत से 14 जिले के विभिन्न इलाकों में बनने वाले एचडब्ल्यूसी व किशनगंज जिले में 85 लाख की लागत से बनने वाले 02 एचडब्ल्यूसी का शिलान्यास करेंगे।
महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं की मिलेगी सौगात
सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने बताया कि माननीय स्वास्थ्य मंत्री का अररिया आगमन जिलावासियों के लिये बेहद खास है। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा जिलावासियों को कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का सौगात मिलेगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लेश मातृ एवं शिशु अस्पताल का संचालन शुरू होने से जिले में मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं अधिक प्रभावी हो सकेगा। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने एचडब्ल्यूसी का निर्माण महत्वपूर्ण साबित होगा।






















