- एचआईवी के प्रति जागरूकता के लिये जिलास्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित
- उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
अररिया, 29 नवंबर।
राष्ट्रीय एड्स संगठन नई दिल्ली से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में 13 से 17 साल आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के बीच एचआईवी सहित स्वास्थ्य संबंधी अन्य विषयों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गुरुवार को रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित टॉउन हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्द्घाटन जिलाधिकारी अनिल कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक नितेश कुमार पाठक, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य ने सामूहिक रूप से किया। जिलास्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रखंड स्तर पर पूर्व से चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रखंडवार 09 टीम प्रतियोगिता में शामिल हुए। प्रत्येक टीम में तीन-तीन स्कूली छात्र शामिल थे। प्रतियोगिता के दौरान एचआईवी व स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न मामलों के साथ समसामयिक विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गये। कार्यक्रम में बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के अधिकारी अजीत कुमार झा, रणवीर पटेल सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व छात्र उपस्थित थे।
एचआईवी संक्रमितों के प्रति सामुदायिक सहयोग व समर्थन जरूरी
क्विज जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि स्कूली बच्चों को एचआईवी एड्स सहित स्वास्थ्य संबंधी अन्य मामलों के प्रति जागरूकता फैलाना क्विज प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं आगामी 07 दिसंबर को राजधानी पटना में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में चयनित छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी निभायेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जागरूकता एचआईवी संक्रमण से बचाव का एकमात्र उपाय है। प्रतियोगिता स्कूली छात्रों को इसके संभावित खतरों की जानकारी देते हुए इससे बचाव संबंधी उपायों के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास है। साथ ही एचाआईवी संक्रमित व्यक्तियों को समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सामुदायिक सहयोग व समर्थन की भावना को विकसित करने की यह एक विशेष पहल है।
07 दिसंबर को पटना में आयोजित होगा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता
जिला एड्स नियंत्रण व बचाव समित के डीपीएम अखिलेश कुमार ने प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिलास्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में पलासी प्रखंड के प्लस टू यूएचएस मलदवाड के छात्र अभिषेक कुमार श्रीवास्तव व सुमित कुमार के उत्कृष्ट प्रदर्शन को लेकर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिये उनका चयन किया गया। उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता में पलासी प्रखंड की टीम प्रथम, अररिया प्रखंड की टीम द्वितीय व नरपतगंज की टीम तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी के हाथों सम्मानित कयिा किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी 07 दिसंबर को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन आईआईटी कॉलेज पटना में किया जायेगा।






















