झूठा मुकदमा वापस हो और बर्बर लाठीचार्ज करवाने वाले सदर एसडीओ की हो बर्खासगी : माले
नजरिया न्यूज़,नौगछिया, भागलपुर
संविधान दिवस पर न्यायपूर्ण मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मजदूरों–किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज क्यों ? —नीतीश–भाजपा की सरकार शर्म करो! आदि सवालों के साथ भाकपा–माले ने स्थानीय स्टेशन परिसर मार्च निकाला और प्रदर्शन करते हुए वैशाली चौक पहुंच कर सभा की। इस दौरान माले कार्यकर्ताओं ने नीतीश–भाजपा शासन के खिलाफ आक्रोशपूर्ण नारे लगाए। माले कार्यकर्ताओं ने मौके पर मजदूरों–किसानों पर लाठीचार्ज करवाने वाले भागलपुर सदर एसडीओ को बर्खास्त करने, लाठी चला कर प्रदर्शनकारियों की क्रूर पिटाई करने वाले पुलिस कर्मियों को कड़ी सजा देने और प्रदर्शनकारियों पर थोपे गए झूठे मुकदमें वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकपा–माले के जिला कमिटी सदस्य व इनौस के राज्य सहसचिव गौरी शंकर राय ने स्थानीय वैशाली चौक पर सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सदर एसडीओ ने प्रदर्शनकारियों को बिना वजह ही गाली–गलौच और धक्का–मुक्की करना शुरु कर दिया था। प्रदर्शकारियों ने जब सदर एसडीओ के दुर्व्यवहार का विरोध किया तो उसके साथ आए पुलिस कर्मियों ने लाठी चार्ज करते हुए प्रदर्शनकारियों की क्रूर पिटाई कर दी और उन्हें खदेड़ दिया। पुलिस की इस बर्बरता से ऐक्टू के राज्य सह जिला सचिव आदि मजदूर–किसान संगठनों के कई नेतृत्वकारी गम्भीर रुप से चोटिल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर प्रशासन ने न सिर्फ झूठा मुकदमा थोप दिया बल्कि प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने के बाद भी उन्हें, पुनः क्रूरता के साथ पीटा गया। जबकि प्रदर्शनकारी तो सिर्फ प्रधानमंत्री के लिए अपनी न्यायपूर्ण मांगों का ज्ञापन जिला पदाधिकारी के सौंपने कलेक्टर गेट पहुंचे थे और गेट से प्रदर्शनकारियों की पर्याप्त दूरी भी थी। उन्होंने कहा कि अगर मांगों पर अविलंब कार्रवाई नहीं हुई तो भाकपा–माले और भी बड़ी आंदोलनात्मक कार्रवाई करेगी।
कार्यक्रम में जिला कमिटी सदस्य गौरीशंकर राय, दशरथ सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य गुरुदेव सिंह, रवि मिश्र, जयप्रकाश शर्मा, अमीर राम, उपेंद्र राम, मनोज शर्मा, परशुराम शर्मा, रुदल मंडल, सोनू कुमार, ज्योतिष सिंह, शम्भू सिंह, रामवृक्ष कुमार, रुपेश कुमार, लालू कुमार, बुलेट सिंह आदि कार्यकर्ताओं सहित दर्जनों शामिल हुए।






















