पियूष रंजन सिंह, विशेष संवाददाता नजरिया न्यूज, पटना -28जनवरी।
बिहार में तेज़ी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार सुबह अपना इस्तीफ़ा देकर शाम को पुनः मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
रविवार सुबह 11 बजे नीतीश राजभवन पहुंचे और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाक़ात कर इस्तीफ़ा सौंप दिया। साथ ही उन्होंने गठबंधन से अलग होने का भी ऐलान किया।
मीडिया से उन्होंने कहा:
मैंने इस्तीफ़ा दे दिया है और अब सरकार ख़त्म हो गई। हमने लोगों और पार्टी की राय सुनी, उसके बाद यह फ़ैसला लिया।
अब आगे क्या करेंगे, इस सवाल पर उन्होंने कहा:
हम पहले के सहयोगियों से अलग होकर नए गठबंधन में गए थे। बाक़ी दल साथ देंगे तो सोचेंगे। अगर कुछ होगा तो आपको पता चल जाएगा।
बीते हफ़्ते से ही अटकलें लग रही थीं कि नीतीश कुमार राजद से गठबंधन तोड़कर फिर से बीजेपी के साथ गठबंधन में जा सकते हैं।
नीतीश के इस्तीफ़े के बाद जदयू नेता केसी त्यागी ने इंडिया गठबंधन के नेतृत्व को लेकर चल रहे विवाद और उससे नाराज़गी की तरफ इशारा किया।उन्होंने कहा:
दरअसल कांग्रेस का एक भाग इंडिया गठबंधन के नेतृत्व को हड़पना चाहता है।





















