नजरिया न्यूज़ / विकास कुमार
सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड से बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक ही बस्ती के कई घरों को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। मामला पस्तपार थाना क्षेत्र के पामा पंचायत के कबैया वार्ड संख्या 14 का है। शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक साथ करीब एक दर्जन घरों का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि चोरों ने घरों में घुसकर बक्सा और पेटी का ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। गृहस्वामी लालो शर्मा ने बताया कि उनके घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और जेवरात चोरी कर लिए गए, जबकि चोरी के बाद बक्सा को मकई के खेत में फेंक दिया गया। इस घटना में जानकी देवी, अल्का देवी, अनीता देवी, सोमनी देवी, राबड़ी देवी, संटू शर्मा, सुधीर शर्मा समेत कई घरों को निशाना बनाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं पंचायत के मुखिया विनोद कुमार पप्पू ने बताया कि इस घटना में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी हुई है। फिलहाल पस्तपार थाना पुलिस आवेदन लेकर मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।






















