जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में पुलिस अधीक्षक ने दिया निर्देश
वीरेंद्र चौहान नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज, 13मार्च।
जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय कार्य विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता, अनुमंडल पदाधिकारी तथा खनिज विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी श्री राज ने खनन से प्राप्त होने वाले राजस्व की विभिन्न मदों—ईंट भट्ठा, बालू, कार्य विभाग, मिट्टी एवं दंड आदि की विस्तृत समीक्षा की गई।
खनिज विकास पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि ईंट भट्ठा मद से ₹173.86 लाख, बालू मद से ₹1891.09 लाख, कार्य विभाग से ₹1484.47 लाख तथा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण (12 मार्च 2026 तक) से ₹445.35 लाख की वसूली की गई है।
अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के अंतर्गत कुल 1332 छापेमारी की गई, 288 वाहन जप्त किए गए तथा अवैध परिवहन/खनन के विरुद्ध कुल 12 प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस माह जप्त वाहनों के विरुद्ध कुल ₹27.11 लाख की दंड राशि अधिरोपित की गई है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत कुल 171 ईंट भट्ठों की रॉयल्टी जिला खनन कार्यालय किशनगंज को प्राप्त है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 150 ईंट भट्ठा मालिकों द्वारा रॉयल्टी जमा की गई है, जबकि शेष 21 ईंट भट्ठा मालिकों को शीघ्र रॉयल्टी जमा कराने का निर्देश दिया गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल वार्षिक राजस्व लक्ष्य ₹4909.22 लाख निर्धारित किया गया है।
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि जिन विभागों से अब तक प्रतिवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, वे संबंधित विभाग तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही निर्देश दिया गया कि सभी प्राप्त प्रतिवेदनों को संकलित करते हुए फरवरी माह तक की रिपोर्ट को संध्या तक कम्पाइल कर प्रेषित किया जाए। इसके अतिरिक्त सभी विभागों को क्लस्टर-वार प्रतिवेदन तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा नीलाम पत्र के 17 मामलों की समीक्षा की गई तथा इन मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नोटिस निर्गत करने, दफा-7 की कार्रवाई तथा वारंट निर्गत करने की अद्यतन स्थिति से अविलंब अवगत कराएं।

किशनगंज, बिहार -अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं एवं संबंधित व्यक्तियों की सूची पुलिस के साथ साझा करेगा विभाग
बैठक में बेलवा घाट एवं पोठिया प्रखंड के पहाड़कट्टा क्षेत्र में महानंदा नदी में हो रहे अवैध खनन के कारण नदी तंत्र को हुए नुकसान पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इस संबंध में अवैध खनन को रोकने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा इसके क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के आवागमन के संभावित मार्गों (रूट) की पहचान कर उस पर निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने अवैध खनन के मामलों में खनन विकास पदाधिकारी को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी तथा पुलिस विभाग की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने खनन विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं एवं संबंधित व्यक्तियों की सूची तैयार कर पुलिस के साथ साझा की जाए।
बैठक में खनन विकास पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि किशनगंज जिले में अवैध खनन से संबंधित मामलों में शत-प्रतिशत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि पुल निगम, NHAI एवं BUDCO से कोई भी पदाधिकारी अथवा कर्मी बैठक में उपस्थित नहीं थे। इस पर जिला पदाधिकारी महोदय ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों के अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनिकेत कुमार, खनिज विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।






















