नजरिया न्यूज़ / विकास कुमार
बड़ी खबर सहरसा से है जहाँ बेख़ौफ़ बाइक सवार अपराधियों ने थार गाड़ी पर सवार एक युवक को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया. जिसके बाद इलाके में हड़कम्प मच गया. घटना देर रात सदर थाना क्षेत्र के मीरा सिनेमा रोड के समीप की है. मृतक युवक की पहचान छोटू मिश्रा के रूप में की गई है जो सदर थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर का रहने वाला था. मृतक युवक के शरीर के कई हिस्सों पर गोलियों के निशान पाए गए हैं. बताया जा रहा कि अपराधियों के द्वारा करीब एक दर्जन गोली युवक को मारी गई है. घटना के सम्बंध में बताया जाता है मृतक छोटू मिश्रा रात के वक्त अपने दो साथियों के साथ घर से बाहर निकला था इसी दौरान मीरा सिनेमा रोड के समीप बाइक सवार अपराधियों ने उसपर ताबड़तोड़ गोली बरसाई जिसके बाद घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार पुलिस बलों के साथ पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए है, पुलिस ने मौके से 12 खोखा भी बरामद किया है. इस सम्बंध में एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि मृतक युवक का नाम छोटू मिश्रा है जिसे अपराधियों द्वारा गोली मारी गई है, प्रथम दृष्टया यह आपसी विवाद का मामला है, फिलहाल मौके पर डॉग स्कॉयड और FSL की टीम को बुलाया गया है, सभी बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा.






















