=कहा:सूचना का अधिकार नागरिकों के सशक्तीकरण का एक बड़ा माध्यम है
अमित सिंह जितेन्द्र, विशेष संवाददाता, नजरिया न्यूज, 13जुलाई।
प्रयागराज। विश्वविद्यालय के.सर पी सी बी छात्रावास में “सूचना के अधिकार” विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमे मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त, उत्तर प्रदेश, श्री वीरेन्द्र प्रताप सिंह (वत्स) रहे। श्री सिंह ने सूचना के अधिकार से संबंधित विषय पर छात्रों से संवाद किया और सूचना के अधिकार पर छात्रों की जागरूकता परखी। श्री सिंह ने इस मौके पर कहा कि सूचना का अधिकार लोकतंत्र का एक मजबूत पहरेदार है।
सूचना का अधिकार शासन और प्रशासन में पारदर्शिता , दायित्वबोध और जनसहभागिता को बढ़ावा देता है। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में इसकी अहम भूमिका है। भारत का हर नागरिक सरकारी विभागों से सूचना मांग सकता है। एक सामान्य नागरिक को सूचना मांगने का उतना ही अधिकार है जितना संसद में एक सांसद को और विधानसभा में एक विधायक को। सूचना का अधिकार नागरिकों के सशक्तीकरण का एक बड़ा माध्यम है। सरकार के सभी विभागों में सूचना देने के लिए जन सूचना अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जन सूचना अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपीलकर्ता को 30 दिनों के भीतर वांछित सूचना उपलब्ध कराएं। जन सूचना अधिकारी यदि सही समय से सही सूचना दे देता है तो इसका अर्थ है कि उसके विभाग में सब कुछ ठीक चल रहा है।
यदि जन सूचना अधिकारी ने सूचना देने में आनाकानी की तो जन मानस में यह संदेश जाता है की कुछ तो गड़बड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया की राज्य सूचना आयोग अपने कर्तव्य और दायित्वों को लेकर सजग है। भविष्य में सूचना का प्रवाह कभी बाधित नहीं होगा। जन के अधिकारों की रक्षा होगी। इस अवसर पर राज्य सूचना आयुक्त ने अपनी दूसरी काव्य कृति “अंत नही यह” छात्रावास के पुस्तकालय को भेंट की। उन्होंने कमरा नंबर 19 में व्यतीत किए अपने पुराने दिनों का स्मरण किया और छात्रावास के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का संयोजन नितिन सिंह, हिमांशु तिवारी, विकास उपाध्याय, आलोक यादव और पुष्कर मिश्रा ने किया एवं विशाल यादव, धनंजय कुशवाहा, श्रीकृष्ण झा, क्षितिज और रुद्र सिंह ने सूचना के अधिकार पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में श्री रवीन्द्र सिंह, श्री दिनेश दीक्षित, श्री संजय सिंह, श्री उपेन्द्र परिहार, प्रो० सुनील विक्रम सिंह, श्री विजय सिंह एवं अनूप सिंह उपस्थित रहे। श्री सिंह छात्रों के अभूतपूर्व स्वागत और अपनेपन से भावुक नजर आए।
चित्र परिचय;
अपनी दूसरी काव्यकृति “अंत नहीं यह” छात्रावास पुस्तकालय को भेंट करते राज्य सूचना आयुक्त उत्तर प्रदेश वीरेंद्र सिंह, विद्यार्थियों को संबोधित करते व मौजूद विद्यार्थी -नजरिया न्यूज*





















