भजनों पर झूम उठा जयनगर, देर रात तक गूंजे जयकारे
नजरिया न्यूज़,
भरगामा/अररिया। प्रखंड के जयनगर ब्राह्मण टोला स्थित श्री श्री 108 दक्षिणेश्वरी काली मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय नवाह भक्ति जागरण की तीसरी संध्या भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान भक्ति गीतों और माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे।
तीसरी संध्या में नरपतगंज के न्यू जय माता दी म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। गायिका रुचि ठाकुर, शिम्पी और आध्या झा के साथ गायक दिनेश दीवाना व मंटू झा ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। शिम्पी के ‘शेर पर सवार होके आजा शेरो वालिए’ भजन पर पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। वहीं, दिनेश दीवाना के भजनों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में महिला श्रद्धालुओं और युवाओं की विशेष भागीदारी रही। बेहतर ध्वनि व्यवस्था में राजू लाइट्स एंड साउंड के संचालक राजू सिंह का योगदान रहा। भीड़ को देखते हुए थानाध्यक्ष सोनू कुमार के निर्देश पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
आयोजन को सफल बनाने में नवाह समिति के रंजन चौधरी, गोपाल झा, भालचंद्र वत्स, अजय झा, नीरज मिश्र, मुरारी वत्स, धनंजय वत्स, प्रवीण मिश्रा सहित कई ग्रामीण सक्रिय रहे।






















