भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 5400 पाउच शैंपू के साथ बाइक सवार गिरफ्तार
नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज/अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बथनाहा की आई समवाय फुलकाहा के जवानों ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। नियमित गश्ती के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 188 के समीप भारत की ओर एक बाइक सवार युवक को 5400 पाउच क्लिनिक प्लस शैंपू के साथ पकड़ा गया। मौके से नेपाली नंबर की एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को करीब शाम चार बजे एसएसबी की गश्ती टीम सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर बोरे में सामान लेकर नेपाल की ओर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान बोरे से क्लिनिक प्लस शैंपू के छह कार्टून बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून में छह एमएल के 900 पाउच थे। इस प्रकार कुल 5400 पाउच शैंपू बरामद किए गए।
गिरफ्तार युवक की पहचान फुलकाहा थाना क्षेत्र के नवाबगंज पोस्ट अंतर्गत कोशिकापुर गांव निवासी बेचन कुमार पंडित (28 वर्ष), पिता सत्यनारायण पंडित के रूप में हुई है। उसके पास से नेपाली नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (को 33 प 5678) भी जब्त की गई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह फुलकाहा बाजार की एक दुकान से शैंपू खरीदकर अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से नेपाल के कप्तानगंज ले जा रहा था। सामान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर एसएसबी ने शैंपू और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
फुलकाहा बीओपी प्रभारी एस आई अतानु ढुलाई ने कहा एसएसबी जवानों द्वारा जब्त सामान और गिरफ्तार युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय फारबिसगंज को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही थी। सीमा क्षेत्र में एसएसबी की इस कार्रवाई से अवैध रूप से सामान की आवाजाही करने वालों में हड़कंप मचा है।






















