- पर्व को लेकर नवविवाहित जोड़े में विशेष उत्साह।
कुशेश्वरस्थान दरभंगा :-
प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को वट सावित्री व्रत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने वट सावित्री व्रत कर अपने पति के दीर्घायु होने की कामना किया। पर्व को लेकर नवविवाहित जोड़े में विशेष उत्साह देखा गया। सुहागिनों ने सुबह उठकर स्नान आदि से निवृत होकर अपने ससुराल से आए नव वस्त्र धारण कर बांस के डलिया में पूरी- पकवान,फल- फुल, मिठाई, अनाज लेकर बरगद के वृक्ष के पास जाकर विधिपूर्वक पूजन किया और वट वृक्ष में धागे लपेट कर अपने पति एवं संतान के दीर्घायु होने के साथ साथ धन संपत्ति की प्राप्ति तथा सुख समृद्धि का कामना की। सुहागिन महिलाएं बरगद के पेड़ को पंखा से हवा देकर अपने पति के हृदय में हमेशा शितलता कायम रखने की मन्नतें भी मांगी। इस दौरान सावित्री सत्यवान के कथा का श्रवण कर बरगद के पेड़ को भोग लगाकर लोगों में प्रसाद वितरण किया। पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र में अवस्थित विभिन्न बरगद के पेड़ों के पास महिलाओं के भारी भीड़ देखी गई।ऐसी मान्यता है कि वट वृक्ष के मूल भाग में ब्रह्मा, मध्य में विष्णु तथा अग्र भाग में महादेव का वास होता है। इसलिए वट वृक्ष के निचे बैठ कर इसके पूजन एवं एवं वट सावित्री की कथा सुनने से स्त्रियां अखण्ड सौभाग्यवती रहती है और उनके सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। इस अवसर पर पूजा पाठ में जलाए गए धूप अगरबत्ती से जहां वातावरण में सुगंधित छंटा बिखेर रही थी वहीं महिलाएं द्वारा गाए गए भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर व्रति महिलाओं ने दिन भर का उपवास रख कर शाम में नियम निष्ठा से तैयार भोजन ग्रहण किया ।