- जागरण देखने के बहाने बुलाकर गला दबाया, बकरा नदी के पड़रिया पुल के पास बालू में दफन मिला था शव; छह से अधिक लोगों की संलिप्तता की आशंका
सिकटी/अररिया। सिकटी थाना क्षेत्र के खोरागाछ पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी 18 वर्षीय पंकज कुमार राम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के चाचा सुबोध राम समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दूसरे आरोपी की पहचान गांव के ही गोलू कुमार राम, पिता मनोज राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चाची से अवैध संबंध होने के शक में पंकज की हत्या की गई थी। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार राम, पिता रामटहल राम, का शव बकरा नदी के पड़रिया पुल के पास बालू में गड्ढा खोदकर दफन किया गया था। मृतक की मां शांति देवी के बयान पर सिकटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। टीम ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, करीब छह महीने पहले भी इसी शक को लेकर पंकज और उसके चाचा सुबोध राम के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद पंकज केरल चला गया था। वह 16 अक्टूबर को गांव लौटा था। आरोप है कि 19 अक्टूबर की रात उसे बरदाहा में जागरण देखने के बहाने बुलाया गया और पड़रिया पुल के पास गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को गड्ढे में डालकर बालू से ढक दिया गया।
पुलिस को आशंका है कि इस हत्याकांड में छह से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले की जांच के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
















