- शीशाबाड़ी गांव के समीप की गई कार्रवाई, मवेशियों को कुआरी थाना पुलिस ने फाटक के सुपुर्द किया
कुआरी/अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर मवेशियों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी और कुआरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शीशाबाड़ी गांव के समीप से 11 मवेशियों को बरामद किया। बरामद मवेशियों में आठ बैल, दो बछड़े और एक गाय शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान मवेशियों के साथ कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी की बाह्य सीमा चौकी कुआरी के जवानों और कुआरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 166 से करीब 3.5 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र की ओर शीशाबाड़ी गांव के समीप विशेष गश्ती एवं जांच अभियान चलाया। इसी दौरान टीम को मवेशियों का एक झुंड दिखाई दिया। जवानों के नजदीक पहुंचने पर मवेशियों के साथ कोई व्यक्ति नहीं मिला। आसपास के लोगों से मवेशियों के मालिक और उन्हें लाने वाले व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 11 मवेशियों को बरामद कर कुआरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आगे की प्रक्रिया के तहत मवेशियों को संबंधित फाटक के सुपुर्द किया।
कुआरी थानाध्यक्ष विकास कुमार और एसएसबी कैंप कमांडर निरीक्षक विश्वनाथ घोष ने कार्रवाई की जानकारी दी। अभियान में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक इंदर सिंह, मुख्य आरक्षी आलोक कुमार, आरक्षी रमेश कुमार तथा बिहार पुलिस के पीटीसी सुजीत कुमार, बीएचजी वीरेंद्र कुमार मंडल, बीएचजी जितेंद्र कुमार सिंह और महिला आरक्षी भारती कुमारी सहित अन्य बलकर्मी शामिल रहे।
















