नजरिया न्यूज़, कुशेश्वरस्थान पूर्वी।
भरडीहा गांव के ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गांव के लोग चंदा जुटाकर बनाए गए जर्जर बांस के चचरी पुल के सहारे आवागमन करते हैं। यही पुल जीवन रेखा बना हुआ है। बरसात में पुल की स्थिति और खतरनाक हो जाती है, ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से स्थायी पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। पुल इतना जर्जर है कि एक समय में दो लोगों का गुजरना भी जोखिम भरा होता है।
स्थायी पुल बनने से गांव का सीधा संपर्क पंचायत मुख्यालय से हो जाएगा, लेकिन फिलहाल लोगों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड जाने के लिए भी इसी पुल का सहारा लेना पड़ता है। वही अतिरेक कुमार ने बताया कि पुल निर्माण के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है और जल्द सर्वे कर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।






















