- 30 मई, 2024 से 8 जून, 2024 तक शिक्षण कार्य बन्द रखने हेतु निर्देशित किया गया है,
नजरिया न्यूज अररिया। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा भीषण गर्मी एवं लू (Heat wave) से बचने के उपाय से संबंधित कार्रवाई हेतु कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। विगत कुछ दिनों से अप्रत्याशित भीषण गर्मी के साथ लू (Heat wave) के प्रकोप में बिहार राज्य के अधिकांश जिले हैं। कतिपय जिलों में यथा गया, औरंगाबाद, कैमूर में तापमान 46°C से भी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। यही स्थिति कमोबेश अररिया जिला सहित सभी जिलों की भी है। साथ ही दिनांक 29.05.2024 को आहूत आपदा प्रबंधन समूह (CMG) की बैठक में IMD (भारतीय मौसम विज्ञान विभाग) के प्रतिनिधि के द्वारा यह अनुमान बताया गया है कि ऐसी स्थिति 8 जून, 2024 तक बने रहने की संभावना है।
वर्णित परिप्रेक्ष्य के आलोक में जिला पदाधिकारी अररिया श्रीमती इनायत खान द्वारा आदेश जारी कर सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय (कोचिंग संस्थान सहित) एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में 30 मई, 2024 से 8 जून, 2024 तक शिक्षण कार्य बन्द रखने हेतु निर्देशित किया गया है, ताकि भीषण गर्मी के प्रकोप से बच्चों को बचाया जा सके।
साथ ही भीषण गर्मी एवं लू से बचाव हेतु आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 929/आ०प्र० दिनांक 04.04.2024 के माध्यम से निर्गत गाईडलाईन तथा इस संबंध में विभिन्न विभागों के द्वारा निर्गत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP)/ मार्गदर्शिका के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।





















