अनिल उपाध्याय, पूर्वांचल ब्यूरो, नजरिया न्यूज, जौनपुर,01मार्च
जौनपुर।अयोध्या, वाराणसी और मिर्जापुर और जौनपुर को फोर लेन सड़क से जोड़ा जाएगा। आगामी शुक्रवार को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जौनपुर प्रवास के दौरान इस मार्ग का शिलान्यास करेंगे। यह जानकारी अमर उजाला अखबार में 28फरवरी को दी गई हैं।
जानकारी के मुताबिक हौज से पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक व पूर्वांचल विश्वविद्यालय से शाहगंज तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इनके निर्माण में 3405 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस मार्ग का निर्माण खुद मोर्थ (मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट हाईवे) कराएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135-ए के तहत जौनपुर से अकबरपुर मार्ग पर फोरलेन बनाया जाएगा। इसके तहत पूर्वांचल विश्वविद्यालय के देवकली से शाहगंज सीमा तक जिले में 31 किमी सड़क बनाई जाएगी।
यह काम पैकेज-टू के तहत किया जाएगा। इसके लिए 1511 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें एक हजार 31 करोड़ रुपये से सड़क तो 480 करोड़ रुपये से भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें 81 गांवों के करीब एक हजार काश्तकारों की भूमि ली जाएगी। वहीं पैकेज प्रथम के तहत सिरकोनी के हौज से होते हुए पूर्वांचल तक फोरलेन सड़क जाएगी। यह मार्ग 1894 करोड़ की लागत से बनेगी। यह 29 किमी सड़क 55 गांवाें से होकर गुजरेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दोनों मार्गों का शिलान्यास शुक्रवार करेंगे।
दोनों मार्गों पर होंगे पांच आरओबी:
सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की ओर से बनाई जाने इन सड़कों पर कुल पांच आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) बनाए जाएंगे। इसमें पैकेज वन के तहत बनाई जा रही हौज से पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक की सड़क में तीन आरओबी होंगे। वहीं पैकेज दो के तहत बनाई जा रही देवकली से शाहगंज तक की सड़क पर दो आरओबी बनेंगे। रेलवे प्रशासन को इसके निर्माण का खाका तैयार करने को कहा गया है।
सड़क किनारे दिखेगी हरियाली, लगेंगी आधुनिक लाइटें:
दोनों ही मार्गों को फोरलेन बनाया जाएगा। दोनों ही सड़कें 26-26 मीटर चौड़ी होंगी। इन मार्गों पर दोनों ओर छायादार पेड़ होंगे। सड़क निर्माण के साथ ही पौधरोपण भी किया जाएगा। राजस्व विभाग की ओर से वन विभाग को 15 हेक्टेयर जमीन आरक्षित की जाएगी। प्रकाश की बेहतर व्यवस्था के लिए एलईडी युक्त विक्टोरिया लाइटें भी लगाई जाएंगी।
परियोजना एक नजर में:
सड़क का नाम (धर्म पथ) – हौज से पूविवि और देवकली से शाहगंज…
सड़क की लंबाई – 29 किमी और 31 किमी,परियोजना की लागत – 1894 करोड़ और 1511 करोड़…
कोट:
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के देवकली से शाहगंज की सीमा तक पैकेज टू के तहत फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके तहत जमीन अधिग्रहण की कार्यवाही की जा रही है। यह मार्ग सीधे मिर्जापुर और अयोध्या से जुड़ेगा।
– गणेश प्रसाद सिंह, एडीएम भू-राजस्व।





















