- खैरा देवीगंज विद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार का जागरूकता अभियान, छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के साथ कानूनी अधिकारों एवं प्रावधानों की दी गई जानकारी
रंजीत ठाकुर,
नजरिया न्यूज़, नरपतगंज (अररिया)। किशोरावस्था में गलत संगति, दोस्तों का दबाव और जिज्ञासा युवाओं को नशे की खतरनाक दुनिया में धकेल सकती है। नशे की लत न केवल शरीर और मानसिक स्वास्थ्य को खोखला करती है, बल्कि शिक्षा, परिवार और उज्ज्वल भविष्य को भी बर्बाद कर देती है। इसी गंभीर सामाजिक समस्या के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को मध्य सह उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरा देवीगंज में नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अररिया के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में अधिकार मित्र विनय कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर शौक, जिज्ञासा या दोस्तों के दबाव में होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह जानलेवा लत का रूप ले सकती है। इसका दुष्प्रभाव व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी पढ़ाई, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन पर भी पड़ता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से जुड़े कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही बच्चों को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे किसी के बहकावे में आकर गलत रास्ते पर न जाएं। सही जानकारी और समय पर मार्गदर्शन से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाया जा सकता है।
अधिकार मित्र ने छात्र-छात्राओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वच्छ विचार और नशामुक्त वातावरण ही एक मजबूत समाज एवं सुरक्षित भविष्य की नींव है।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक कुमार भास्कर, शिक्षक रणधीर कुमार, शम्भू बहरदार, जीवराम अंसारी, दिवाकर कुमार, प्रिंस कुमार, कृष्णा कुमार, अक्षय कुमार, अलका कुमारी एवं रूपम कुमारी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





















