- दो पालियों में 1455 परीक्षार्थी हुए शामिल, कदाचार रोकने के लिए परीक्षा केंद्र पर की गई सघन जांच
नजरिया न्यूज़, रानीगंज। बलराम बिश्वास। पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 की अंतिम दिन की परीक्षा गुरुवार को वाई.एन.पी. डिग्री कॉलेज, रानीगंज परीक्षा केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की शिकायत सामने नहीं आई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. विवेकानंद सिंह के आदेश एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. जमीरुल आलम के निर्देश पर ए.एम. डिग्री कॉलेज, अररिया तथा एम.एल.डी.पी. के यादव डिग्री कॉलेज, अररिया के परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र वाई.एन.पी. डिग्री कॉलेज, रानीगंज बनाया गया था।
प्रधानाचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. नूतन आलोक के नेतृत्व में परीक्षा के प्रत्येक दिन दोनों पालियों में मुख्य प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। मोबाइल, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, किताबें एवं चिट-पुर्जे सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले ही बाहर रखवा लिया जाता था। इसके अलावा परीक्षा कक्षों में भी समय-समय पर जांच की जाती थी, ताकि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।





















