नजरिया न्यूज़, सहरसा। विकास कुमार। कोशी प्रमंडल अंतर्गत मधेपुरा कॉलेज, मधेपुरा में संविधान दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों द्वारा गुरुवार को एक भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक मूल्यों, मौलिक कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जागृत करना था। समारोह के दौरान सभी एनसीसी कैडेटों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम यादव एवं एनसीसी पदाधिकारी सह सिंडिकेट सदस्य मेजर डॉ. गौतम कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।इस अवसर पर कैडेटों को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. पूनम यादव ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत लोकतांत्रिक दस्तावेज है, जो हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे केवल अपने अधिकारों की ही बात न करें, बल्कि संविधान में वर्णित मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करें।
वहीं, एनसीसी पदाधिकारी सह सिंडिकेट सदस्य मेजर डॉ. गौतम कुमार ने युवा छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 नवंबर का दिन भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। आज ही के दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। उन्होंने भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान निर्माण समिति के सभी मनीषियों को नमन करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने अपनी दूरदर्शिता से विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत लिखित संविधान हमें सौंपा, जो विविधताओं से भरे इस देश को एकता के सूत्र में पिरोए रखता है।संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का मुख्य ध्येय ‘एकता और अनुशासन’ है, और संविधान भी हमें एक अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। मेजर कुमार ने सभी कैडेटों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई और समाज में संवैधानिक जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।समारोह के दौरान एनसीसी कैडेटों ने अनुशासन का परिचय देते हुए देशभक्ति से ओत-प्रोत विचार भी साझा किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कैडेट विकास कुमार,भावेश गिरी,अन्नू कुमारी, कपिल देव कुमार, सरोहन कुमार, संतोष कुमार आदि अन्य शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। अंत में विकास कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन समारोह का समापन हुआ।
फारबिसगंज (अररिया) – संविधान के मूल्यों का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, निकाली प्रभात फेरी
संविधान दिवस पर मध्य विद्यालय घीवहा में जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का दिया संदेश रंजीत ठाकुर,...





















