- ठाकुरगंज, दिघलबैंक, कोचाधामन के स्कूलों में मनाया गया संविधान दिवस 2026
वीरेंद्र चौहान/बीरेंद्र पांडेय, नजरिया न्यूज, 26नवंबर 2026।
ठाकुरगंज(किशनगंज) :
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को मेरा युवा भारत (MY Bharat), किशनगंज के तत्वावधान में +2 मॉडल हाई स्कूल, ठाकुरगंज में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इस पहल का मुख्य विषय ‘Know Your Constitution – अपने संविधान को जानें’ रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता विकसित करना, लोकतांत्रिक मूल्यों को समझाना तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में युवा आइकॉन दिनकर कुमार सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए संविधान की महत्ता, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य केवल उसकी जनसंख्या या संसाधनों से नहीं, बल्कि जागरूक, शिक्षित, जिम्मेदार और सक्रिय युवाओं की भागीदारी से निर्धारित होगा।
कार्यक्रम में स्पोर्ट्स आइकॉन मुस्कान परवीन ने खेलों के महत्व, अनुशासन, आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और युवा व्यक्तित्व के विकास में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री चंद्र भूषण झा ने की। उन्होंने युवाओं को संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के साथ-साथ मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकता, शिक्षा, संवैधानिक चेतना, युवा नेतृत्व और सामूहिक जिम्मेदारी से संभव है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित युवाओं से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया गया ।
संविधान दिवस पर NPS तालबाड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नव प्राथमिक विद्यालय तालबाड़ी में 26 नवंबर 2026 को विद्यालय प्रधान झूमी कुमारी के नेतृत्व में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर आधारित गतिविधियों में भाग लिया तथा संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय के महत्व को पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
उच्च विद्यालय धनपुरा में मनाया गया संविधान दिवस
आज उच्च माध्यमिक विद्यालय धनपुरा कोचाधामन मे संविधान दिवस मनाया गया प्रधानाचार्य अरशद आजम फ़ारूक़ी साहब द्वारा पहले संविधान निर्माताओं पर प्रकाश डाला गया। उसके बाद election literacy club के नोडल शिक्षक रूपाई दास द्वारा भी संविधान निर्माण पर प्रकाश डाला गया और संविधान के प्रस्तावना को बच्चों और सभी शिक्षक द्वारा दोहराया गया।
इस कार्यक्रम में राकेश सर, उमेश सर, शादाब सर,सूर्या सर, हांसी मैडम, पुष्पा मैडम, साक्षी मैडम, इरफान सर, मिन्हाज सर, ict instructer पंकज सर और विकास सर इत्यादि द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाया गया।





















