- मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संविधान 145 करोड़ भारतवासियों का गौरव और मार्गदर्शक है
- यह हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- त्वरित टिप्पणी: आज संविधान का उल्लंघन करने वालों की संख्या सजा पाने वालों से बहुत अधिक है
- जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में 55,041 नए मामले दर्ज होने के मुकाबले 49,825 मामलों का निस्तारण किया गया
- उत्तर प्रदेश की निचली अदालतों में लगभग 1.19 करोड़ से 1.2 करोड़ मामले लंबित हैं
अरुण सिंह, संवाददाता नजरिया न्यूज, लखनऊ/ प्रवीण वत्स विशेष संवाददाता, सुल्तानपुर, 26नवंबर 2026।
हमारा संविधान हम सबका गौरव है। यह 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है। यह बात संविधान दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। यह बयान महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका पर सवाल उठाने वालों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है। मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम तक को न्यायालयों से त्वरित न्याय पाने की उम्मीद खत्म हो गई है। संविधान का उल्लंघन करने वालों की संख्या और सजा पाने वालों की संख्या में जमीन -आसमान का अंतर हो गया है। राजनीतिक दलों में गिने-चुने लोग ही बचें हैं जिनसे संविधान के शासन की उम्मीद की जा सकती है। इस संबंध में संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर ने मतदाताओं को आगाह करते हुए संविधान पर सबसे प्रसिद्ध टिप्पणी 25 नवंबर 1949 को संविधान सभा में दिए गए उनके अंतिम भाषण में किया था:
संविधान चाहे कितना भी अच्छा क्यों न हो, यदि उसे चलाने वाले लोग बुरे हों तो वह बुरा साबित होगा, और संविधान कितना भी खराब क्यों न हो, यदि चलाने वाले लोग अच्छे हों तो वह अच्छा साबित होगा।
संविधान का संचालन और लोगों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी संविधान की सफलता केवल उसके स्वरूप पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करती है कि नागरिक और राजनीतिक दल उसे किस तरह लागू करते हैं।
संसदीय प्रणाली और संघवाद पर उन्होंने कहा कि संसदीय शासन प्रणाली चुनकर संविधान ने स्थिरता की तुलना में उत्तरदायित्व और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है, साथ ही संघ और राज्यों के बीच विधायी व कार्यकारी शक्तियों का स्पष्ट विभाजन रखा है।
बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर ने कहा कि हमारा संविधान हमें हमारे अधिकारों का स्मरण और कर्तव्यों का बोध कराता है। वहीं आज संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने कहा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसलिए भारत का संविधान भी इन्हीं भावनाओं से ओतप्रोत होना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि हमें गौरव की अनुभूति होती है कि भारत के संविधान ने बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक वयस्क भारतीय नागरिक को मताधिकार प्रदान किया है। उन्होंने कहा —
भारत के संविधान के शिल्पी बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी और सामाजिक न्याय के अन्य पुरोधाओं को सम्मान देने के लिए हमारी सरकार ने यह निर्णय लिया कि इन महापुरुषों से जुड़ी मूर्तियों, पार्कों और स्थलों के सौंदर्यीकरण का एक अभिनव कार्यक्रम आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा -भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या किसी एक जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। भारत की संप्रभुता का अंतिम संरक्षक स्वयं भारत का नागरिक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कहा: विधि का शासन ही विकास की गारंटी है।डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में विधि के शासन को प्रभावी ढंग से लागू किया है।
उन्होंने बताया -डॉ. बी. आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण के लिए पूरे प्रदेश में 4,030 स्थलों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 3,955 स्थलों पर कार्यों का शुभारंभ आज किया जा रहा है।ये सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएंगे और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े उस व्यक्ति की भावनाओं को सम्मान देने का माध्यम बनेंगे, जिसकी प्रेरणा बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी, सद्गुरु रविदास जी महाराज, संत कबीर दास जी और महर्षि वाल्मीकि जी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले लखनऊ में संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की उद्देशिका के पाठन एवं ‘डॉ. बी. आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर जनपद स्तरीय वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारा संविधान 145 करोड़ भारतवासियों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है। भारत की संप्रभुता का वास्तविक आधार और अंतिम संरक्षक देश का आम नागरिक है।
विधि के शासन पर टिप्पणी:
हिंदुस्तान अख़बार में चीफ रिपोर्टर पद से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह ने कहा कि जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में 55,041 नए मामले दर्ज होने के मुकाबले 49,825 मामलों का निस्तारण किया गया। उत्तर प्रदेश की निचली अदालतों में लगभग 1.19 करोड़ से 1.2 करोड़ मामले लंबित हैं।





















