नजरिया न्यूज़, सहरसा। विकास कुमार।
शहर के पटेल मैदान में आयोजित होने वाले श्री रक्त काली महायोगिनी मत्स्यगंधा मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को शुभ मुहूर्त में मेले की सफलता और निर्विघ्न आयोजन की कामना को लेकर संवेदक संजय कुमार द्वारा आचार्य एवं पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमिपूजन एवं ध्वजारोहण किया गया। संवेदक संजय कुमार ने बताया कि इस वर्ष मेला आयोजन के लिए 1 दिसंबर से 15 जनवरी तक की अनुमति मिली है।
मेले में विभिन्न राज्यों एवं जिलों से बड़ी संख्या में व्यवसायियों के पहुंचने की उम्मीद है। लोगों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूले, मौत का कुआं, जलपरी सहित कई मनोरंजक कार्यक्रम एवं साधन उपलब्ध रहेंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष श्री रक्त काली महायोगिनी मत्स्यगंधा मेला का डाक एक करोड़ 72 लाख रुपये में हुआ है। भूमिपूजन एवं ध्वजारोहण के अवसर पर कुमार अमृतराज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।





















