- विद्युत विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी, खंभा हटाने की मांग
नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया) जीतू दास। भरगामा प्रखंड क्षेत्र की खजूरी पंचायत के वार्ड संख्या 7 से ब्रह्म बाबा स्थान जाने वाली सड़क के बीचों-बीच बिजली का खंभा खड़ा रहने से सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही, इस रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य करा रहे संवेदक शशि भूषण यादव से शिकायत की।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए संवेदक ने विद्युत विभाग को इसकी सूचना देकर सड़क के बीच से बिजली के खंभे को हटाकर किनारे स्थानांतरित करने का अनुरोध किया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विद्युत विभाग की उदासीनता से परेशान संवेदक ने अब सड़क के उस हिस्से को तोड़कर हटा दिया है, जहां बिजली का खंभा स्थित है। साथ ही, विभाग को पुनः सूचना देकर खंभे को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि सड़क निर्माण कार्य पूरा हो सके और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
फोटो कैप्सन:- सड़क के बीच खडा खंभा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बीचों-बीच बिजली का खंभा रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यदि विद्युत विभाग समय रहते खंभे को सड़क के किनारे स्थानांतरित कर दे तो सड़क निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सकेगा और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। अब देखना यह है कि विद्युत विभाग ग्रामीणों की इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।





















