- मिशन कायाकल्प के दावों के बीच बदहाल स्वास्थ्य केंद्र, मरीजों के सिर पर मंडरा रहा खतरा
नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया) जीतू दास।
एक तरफ सरकार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की सूरत बदलने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिशन कायाकल्प अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर भरगामा प्रखंड क्षेत्र के सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत स्थित महथावा बाजार के प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली सरकारी दावों की पोल खोल रही है। यहां मरीजों का इलाज जिस भवन में किया जा रहा है, उसी की छत से प्लास्टर के बड़े-बड़े टुकड़े उखड़कर गिर रहे हैं। ऐसे में मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गुरुवार को अपराह्न करीब एक बजे स्वास्थ्य केंद्र के खाली पड़े कमरे में मरीजों के लिए रखे बेड के ऊपर छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि प्लास्टर का टुकडा मरीज के बेड पर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कर्मियों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर स्थिति के कारण यहां इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के बीच हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है। छत से लगातार प्लास्टर गिरना किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। इसके बावजूद भवन की मरम्मत को लेकर अब तक ठोस पहल नहीं होना चिंता का विषय है।
इस संबंध में स्थानीय सरपंच दशरथ प्रसाद साह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अविलंब स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी विभाग की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
सवाल यह है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर समय रहते स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगा?





















