- विद्युत विभाग की छापेमारी में मीटर बाइपास कर बिजली उपयोग करने का मामला आया सामने
- विभाग को 78 हजार रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति
नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया) जीतू दास।
भरगामा थाना क्षेत्र के शंकरपुर पंचायत में विद्युत विभाग की टीम ने छापेमारी कर पांच उपभोक्ताओं को कथित रूप से बिजली चोरी करते पकड़ा है। जांच के दौरान सभी के परिसर में मीटर को बाइपास कर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। इस संबंध में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के भरगामा विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता अभिषेक कुमार ने 25 नवंबर को भरगामा थानाध्यक्ष सोनू कुमार को आवेदन देकर संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की अनुशंसा की है।
विभागीय आवेदन के अनुसार, 24 नवंबर को कनीय विद्युत अभियंता अभिषेक कुमार के नेतृत्व में मानव बल की टीम ने बिजली चोरी रोकथाम को लेकर जांच अभियान चलाया। इस दौरान शंकरपुर पंचायत के वार्ड संख्या चार में अलग-अलग घरों की जांच की गई।
जांच के क्रम में परशुराम सिंह सदानंद सिंह , सोना सिंह शोभानंद सिंह,पप्पू सिंह योगानंद सिंह के घरेलू परिसर में मीटर को बाइपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने इन तीनों परिसरों में 138-138 वाट का संयोजित भार पाया। वहीं, अर्जुन सिंह जगदेव सिंह और राधेश्याम सिंह चन्द्रानंद सिंह के परिसर में भी इसी तरह बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया, जहां 78-78 वाट का संयोजित भार दर्ज किया गया।
विभागीय आकलन के मुताबिक, पांचों मामलों में बिजली चोरी के कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को कुल 78,256 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। इसके अतिरिक्त संबंधित उपभोक्ताओं पर पूर्व का बकाया भी दर्ज है। सभी पांचों मामलों में आर्थिक क्षति और पुराने बकाये को मिलाकर कुल 1,60,246 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस राशि में कंपाउंडिंग शुल्क शामिल नहीं है।
कनीय विद्युत अभियंता ने आवेदन के साथ जब्ती सूची एवं गवाहों की सूची संलग्न करते हुए विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।





















