- धान कटाई करने खेत गए थे सभी परिवार के सदस्य, पीछे से आग ने लिया भयावह रूप; ग्रामीणों और अग्निशमन दल के प्रयास के बावजूद नहीं बच सके घर
नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया) जीतू दास।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र के सिमरबनी पंचायत के वार्ड संख्या 3 में गुरुवार को अपराह्न करीब दो बजे अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग की लपटों ने एक के बाद एक 15 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अगलगी में 15 परिवारों के आशियाने जलकर पूरी तरह राख हो गए। आगलगी मे घर मे रखे अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी या अन्य सामान की क्षति की क्षति हुई है। वहीं, आग की चपेट में आने से चार बकरी और एक सूअर की भी जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि अग्निपीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
अगलगी की इस घटना में मनोज ऋषिदेव, बिजली ऋषिदेव, युगल ऋषिदेव, सनोज कुमार, विनोद ऋषिदेव, मंजुला ऋषिदेव, मुकेश कुमार, फोकची देवी, भारती देवी, रंजू देवी, संजुला देवी, रमेश ऋषिदेव, संजू देवी, पूनम देवी और अनुज कुमार के घर जलकर राख हो गए।
स्थानीय सरपंच किरण देवी ने बताया कि गुरुवार को जिस समय आगलगी की घटना हुई, उस समय सभी परिवारों के सदस्य खेतों में धान की कटाई करने गए हुए थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने भारी तबाही मचा दी थी। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के प्रयास के बावजूद 15 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद प्रतिनिधि माधव यादव ने अंचलाधिकारी पूजा कुमारी को इसकी सूचना दी। सूचना प्राप्त होने के बाद राजस्व कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और अगलगी से हुई क्षति का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली।
वहीं, पूर्व मुखिया विजय सिंह यादव ने प्रशासन से सभी अग्निपीड़ित परिवारों को अविलंब सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगलगी में गरीब परिवारों का सबकुछ बर्बाद हो गया है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री, भोजन, वस्त्र और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।
एक ही झटके में उजड़ गए 15 परिवारों के सपने
भीषण अगलगी ने 15 परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया है। जिन घरों में कभी परिवारों की खुशियां और रोजमर्रा की जिंदगी आबाद थी, वहां अब केवल राख और जले हुए सामान के अवशेष बचे हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर छिपाने की जगह और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द राहत और पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।





















