अररिया। राजेश कुमार । नशामुक्त बिहार अभियान के तहत नशामुक्ति दिवस के अवसर पर गुरुवार को अररिया शहर में जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई. जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया.
प्रभात फेरी में +2 उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय, अररिया की छात्राओं के साथ मद्यनिषेध विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. छात्राओं ने प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया.
इस अवसर पर आमजनों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, आस-पड़ोस और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें.
नशामुक्ति दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई. इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों एवं आमजनों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त बिहार के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया.
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से नशामुक्त बिहार के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की. कार्यक्रम का संदेश रहा- “युवा शक्ति की यही पुकार, नशामुक्त हो हमारा बिहार.”





















