- मोटरसाइकिल की बॉडी में छिपाकर ले जाई जा रही थी नेपाली करेंसी, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त।
जोगबनी (अररिया)।राकेश कुमार। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा की एफ समवाय जोगबनी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसबी की टीम ने गुरुवार को जोगबनी सीमा क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल सवार को 10 लाख नेपाली रुपये के साथ गिरफ्तार किया। मौके से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एफ समवाय जोगबनी की आठ सदस्यीय BIT टीम ने बीसीपी गेट के समीप सीमा स्तंभ संख्या 180 के पास सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल की बॉडी में छिपाकर रखी गई 10 लाख नेपाली मुद्रा बरामद हुई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विद्यानंद साह (45 वर्ष), पिता भागवत लाल साह, निवासी ककुरवाहा, पोस्ट घचिकनी, थाना सोनामणि गोदाम, जिला अररिया के रूप में हुई है। उसके पास से एक ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि वह जोगबनी बाजार में किसी अज्ञात व्यक्ति से नेपाली मुद्रा लेकर कैरियर के रूप में विराटनगर (नेपाल) में सौरभ कामत नामक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था।
एसएसबी ने बरामद 10 लाख नेपाली रुपये, मोटरसाइकिल एवं गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, फारबिसगंज को सुपुर्द कर दिया है। सीमा पर एसएसबी की इस कार्रवाई से अवैध मुद्रा परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा है।





















