संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
मीटर बाइपास कर और कनेक्शन कटने के बाद भी हो रहा था बिजली का उपयोग, विभाग ने 2.04 लाख रुपये से अधिक की राजस्व क्षति का लगाया आकलन पलासी थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच के दौरान छह अलग-अलग परिसरों में बिजली चोरी का मामला सामने आने पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को आवेदन दिया गया है। विभाग ने इन मामलों में कुल 2,04,687 रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया है। वहीं, बकाया सहित कुल 3,05,880 रुपये की वसूली का उल्लेख आवेदन में किया गया है।कनीय विद्युत अभियंता राजेश कुमार की ओर से 21 नवंबर 2026 को दिए गए आवेदन के अनुसार, विभागीय निर्देश और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी दल का गठन किया गया था। दल में सहायक विद्युत अभियंता जीकेश कुमार, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल जोकीहाट के हरिओम साह, मानवबल मो. प्रवीण आलम सहित अन्य कर्मी शामिल थे। जांच दल ने 21 नवंबर को दोपहर 12:15 बजे से 1:40 बजे तक अलग-अलग छह परिसरों में जांच की।जांच के दौरान दिघली पंचायत के चिटली कामत टोला निवासी अतहर आलम पर मीटर के इनपुट तार में अलग से तार जोड़कर बिजली उपयोग करने का आरोप लगाया गया। विभाग ने इस मामले में 18,035 रुपये की राजस्व क्षति आंकी है।
वहीं, बिलायती बाड़ी निवासी राहिल के परिसर में स्मार्ट मीटर के इनपुट तार से छेड़छाड़ कर बिजली उपयोग करने का आरोप है। इस मामले में 1,21,202 रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया गया है।इसी तरह बेलवा कलियागंज पंचायत के धेमाबाड़ी निवासी रुकसद, जोहरा बेगम, मो. सब्दुल आलम और मो. नेजु अली के परिसरों में भी बिजली चोरी पकड़े जाने का दावा किया गया है। विभाग के अनुसार, इन चारों उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व में बकाया राशि के कारण काट दिए गए थे। इसके बावजूद बकाया और रिकनेक्शन शुल्क जमा किए बिना बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इन मामलों में क्रमशः 17,391 रुपये, 5,915 रुपये, 5,702 रुपये और 3,437 रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया गया है।कनीय विद्युत अभियंता राजेश कुमार ने आवेदन में भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135, 138 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। बिजली विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।





















