- सुबह 10 बजे से शुरू होगी कार्यवाही, सुलहनीय मामलों के त्वरित निष्पादन की तैयारी
नजरिया न्यूज़, अररिया। राजेश कुमार। आम लोगों को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 12 दिसंबर 2026 (द्वितीय शनिवार) को व्यवहार न्यायालय परिसर, अररिया में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर आयोजित इस लोक अदालत की कार्यवाही सुबह 10 बजे से शुरू होगी. राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के सुलहनीय प्रकृति के मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा. इसका मुख्य उद्देश्य लंबित विवादों का सरल, सुलभ और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके.
लोक अदालत के सफल आयोजन और अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले सुलहनीय मामलों में पक्षकारों को नोटिस जारी करने तथा सक्षम पदाधिकारी की उपस्थिति में संबंधित मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
इसके अलावा चिह्नित मामलों की अंतिम सूची 7 दिसंबर 2026 तक संबंधित कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना को मामलों की संख्या से अवगत कराया जा सके.
जिला प्रशासन ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे 12 दिसंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने सुलहनीय मामलों का निपटारा कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं.





















