संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 22 ग्राम स्मैक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पलासी थाना क्षेत्र के बलुआ कालियागंज वार्ड संख्या छह निवासी चंदन कुमार सिंह (40 वर्ष), पिता जगन्नाथ सिंह के रूप में हुई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को दिवा गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चंदन कुमार सिंह अपने घर से स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस पदाधिकारी श्यामा सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने स्थानीय चौकीदार के सहयोग से आरोपित के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। घर की तलाशी लेने पर जलावन घर में काले रंग की पन्नी के अंदर चार छोटे पोटलों में रखा स्मैक बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 22 ग्राम स्मैक पाया गया।पुलिस ने बरामद स्मैक को विधिवत जब्त कर सील किया तथा आरोपित चंदन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर थाना लाया। इस मामले में पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


















