नजरिया न्यूज़, रानीगंज/अररिया।
अररिया। रानीगंज थाना क्षेत्र में दर्ज दो लूटकांडों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोनित कुमार उर्फ रोनित कुमार यादव (26 वर्ष), पिता अक्षय लाल यादव, निवासी बनमोतरा, थाना भरगामा, जिला अररिया के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 13 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी रानीगंज थाना कांड संख्या 280/23, दिनांक 6 जुलाई 2023 तथा कांड संख्या 360/23, दिनांक 13 सितंबर 2023 में दर्ज लूट के मामलों में फरार चल रहा था। दोनों मामलों में भारतीय दंड विधान की धारा 392 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने गुप्त सूचना एवं कार्रवाई के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। इस छापेमारी अभियान में रानीगंज थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार तथा पूर्णिया एसटीएफ की टीम शामिल रही।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


















