संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के डेहटी बांसर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच आपसी रंजिश में मारपीट एवं छिनतई का मामला सामने आया है। घटना बीते नौ नवंबर की बताई जा रही है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से पलासी थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट कर जख्मी करने और छिनतई करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्रथम पक्ष की ओर से सूचक बने बांसर गांव निवासी मो. शमीम ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि घटना के दिन जमीन पर टाटी लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान गांव के दिलवर खान, दाऊद खान, शादिर खान, सादिक खान, अंसार खान, जुबेर खान, साहब उद्दीन खान एवं इस्तियाक सहित अन्य लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में उन्हें जख्मी कर दिया गया तथा छिनतई की घटना को भी अंजाम दिया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाना पहुंचकर नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से सूचक बने बांसर गांव मो. दाऊद ने भी जमीन विवाद को लेकर मारपीट एवं छिनतई का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने अपने आवेदन में शमीम, हलीम, तबरेज, हाशिम, सैफउद्दीन, खुशदिल सहित कुल नौ लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। दूसरे पक्ष का भी आरोप है कि जमीन विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट एवं छिनतई की गई।इस प्रकार एक ही जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला थाना तक पहुंच गया। दोनों ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।इस संबंध में पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















