- 50 किलो स्मैक बनाने वाला सफेद पाउडर, केमिकल, छह मोबाइल और बिना नंबर की स्कॉर्पियो बरामद; बंगाल से अररिया तक फैले नेटवर्क का खुलासा
नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
अररिया। जिले को सूखा नशा से मुक्त कराने के संकल्प के साथ अररिया पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 4 किलो 80 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ, 50 किलो स्मैक बनाने में प्रयुक्त सफेद पाउडर और एक लीटर प्रतिबंधित केमिकल के साथ छह अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में बिना नंबर प्लेट की एक काले रंग की स्कॉर्पियो, छह स्मार्टफोन, डिस्टिल्ड वाटर और स्मैक पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार के नेतृत्व में डीआईयू टीम, नगर थाना अररिया और आरएस थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की।
पहली कार्रवाई में आरएस थाना पुलिस ने हड़ियाबारा टोल प्लाजा के पास पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी इस्माइल शेख को 812 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर जोगबनी स्टेशन रोड से स्थानीय निवासी रियाज अंसारी को भी पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई में नगर थाना पुलिस ने कुशियारगांव मछली पट्टी के पास पूर्णिया से आ रही हमसफर बस में छापेमारी कर रिंकु महलदार को 1 किलो 616 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
वहीं, तीसरी कार्रवाई में हड़िया चौक एनएच-27 पर वाहन जांच के दौरान बिना नंबर की स्कॉर्पियो से नबीरूल, रमजानी महलदार और चालक मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1 किलो 652 ग्राम स्मैक के अलावा 50 किलो सफेद पाउडर, एक लीटर केमिकल और अन्य सामग्री बरामद हुई।
इस तरह कुल 4 किलो 80 ग्राम स्मैक की बरामदगी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के मालदा और अररिया जिले के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संगठित तस्करी गिरोह से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई में अररिया और आरएस थाना पुलिस के अधिकारियों, डीआईयू टीम तथा सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही।


















