संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पलासी प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और पंचायतों में श्रद्धालुओं के बीच तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न नदी, तालाब और पोखरों के किनारे छठ पूजा की जाती है। हालांकि, कई प्रमुख छठ घाटों पर अब तक तैयारी शुरू नहीं हुई है। पिपरा कोठी घाट स्थित नुना नदी और कनखुदिया पंचायत के धनटोला स्थित जुड़वां पोखर में अब तक साफ-सफाई और घाट की व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से कोई कार्य नहीं कराया गया है। ऐसे में छठ व्रतियों और स्थानीय ग्रामीणों को खुद ही घाटों की सफाई और व्यवस्था करने की चिंता सता रही है।पिपरा कोठी घाट स्थित नुना नदी में करीब 200 छठ व्रती पूजा करते हैं। यहां आसपास के करीब 10 किलोमीटर के दायरे से
श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। इसके बावजूद घाट की साफ-सफाई और व्यवस्था का कार्य नहीं होने से व्रतियों को परेशानी होने की आशंका है। ग्रामीणों को आपसी सहयोग से घाट की सफाई कर पूजा के लिए जगह तैयार करनी पड़ सकती है।वहीं, कनखुदिया पंचायत के धनटोला स्थित जुड़वां पोखर में भी छठ पूजा की जाती है। यहां भी प्रशासन की ओर से अब तक साफ-सफाई और घाट को व्यवस्थित करने के लिए कोई कार्य नहीं किया गया है। दोनों स्थानों पर तैयारी अधूरी रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है पिपरा कोठी के ग्रामीण राजू सिंह, पप्पू कुमार, मनोज कुमार, अमित कुमार आदि ने बताया कि छठ पूजा के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों को खुद ही घाट की सफाई और पूजा की व्यवस्था करनी पड़ेगी।ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि छठ पूजा से पहले पिपरा कोठी घाट और धनटोला के जुड़वां पोखर की साफ-सफाई कराकर घाटों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।


















