सम्पूर्ण भारत, अररिया। विकाश प्रकाश। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। एसएसबी और सिकटी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान तस्कर शराब से भरी बोरियां छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए। पुलिस और एसएसबी की टीम फरार तस्करों की पहचान तथा उनके तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, अररिया के कमांडेंट श्री मितुल कुमार के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बाह्य सीमा चौकी सोनापुर और सिकटी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में नाकेबंदी की।
कार्रवाई के दौरान रात करीब 11 बजे सीमा स्तंभ संख्या 158 से लगभग 250 मीटर पूर्व भारतीय क्षेत्र में नेपाल की ओर से दो व्यक्ति सिर पर बोरी लेकर भारत में प्रवेश करते दिखाई दिए। जैसे ही उनकी नजर संयुक्त टीम पर पड़ी, दोनों व्यक्ति अपनी-अपनी बोरियां मौके पर छोड़कर वापस नेपाल की ओर भाग निकले।
इसके बाद जवानों ने मौके पर छोड़ी गई दोनों बोरियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 90 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। जब्त शराब को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सिकटी थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में एसएसबी के निरीक्षक जतिंदर सिंह, उपनिरीक्षक नितिन तुंडवाल, आरक्षी जितेंद्र कन्नौजिया और रमेश कुमार तथा बिहार पुलिस के उपनिरीक्षक सौरव कुमार एवं बीएचजी मनोज पासवान सहित अन्य जवान शामिल थे।
एसएसबी द्वारा सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है। फरार तस्करों की पहचान के साथ उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए सघन जांच की जा रही है।
















