- जनसंवाद में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अपराध नियंत्रण और नशा तस्करी पर सख्ती के निर्देश
सम्पूर्ण भारत
नरपतगंज :अररिया। रंजीत ठाकुर। अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने शनिवार को घूरना थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए विभिन्न अभिलेखों, गुंडा पंजी, केस डायरी एवं अनुसंधान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही लंबित कांडों और अनुसंधान की प्रगति की जानकारी लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद थाना परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सड़क, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था तथा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी समस्याएं रखीं। एसपी ने शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, नियमित गश्ती, अपराधियों पर निगरानी और सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा। एसपी ने पुलिस-पब्लिक समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया।
मौके पर फारबिसगंज एसडीपीओ राज किशोर कुमार, थानाध्यक्ष सुमन कुमारी, मुखिया इमाजुद्दीन, पूर्व मुखिया मोहम्मद हदीस, पंचायत समिति सदस्य अरुण पासवान, कमलेश साह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।
















