संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भूमि विवादों के निपटारे को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद से संबंधित कुल छह मामलों की सुनवाई हुई। इसमें दो मामलों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष चार मामलों में आवश्यक सुनवाई पूरी कर उन्हें अगली तिथि के लिए सुरक्षित रखा गया।जनता दरबार में अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह एवं पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं
सुनीं। इस दौरान संबंधित पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनके पक्षों एवं प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आपसी तालमेल और सहमति के आधार पर विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया।अधिकारियों ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलता है तथा छोटे-मोटे भूमि विवादों को आपसी समझौते से सुलझाने में मदद मिलती है।इस मौके पर अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू शमशाद आलम, मुशर्रफ हुसैन सहित अन्य अंचल कर्मी मौजूद थे।













