संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को धर्मगंज चौक के समीप दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों के पास से पुलिस ने कुल 7.5 ग्राम स्मैक बरामद की है। स्मैक को 30 अलग-अलग पुड़िया में रखा गया था। पुलिस ने मौके से एक काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को पुलिस टीम छापेमारी कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान
बकनिया पुल के पास पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक बहुवारी की ओर से स्मैक लेकर धर्मगंज की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार को इसकी जानकारी दी गई और पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।इसके बाद पुलिस टीम धर्मगंज चौक के पास पहुंचकर वाहन पर नजर रखने लगी। इसी दौरान बताए गए हुलिए की एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को सामने देखकर दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।गिरफ्तार युवकों की पहचान पूर्णिया जिले के टीकापट्टी थाना क्षेत्र के तेलडिहा वार्ड संख्या-2 निवासी स्वर्गीय जितेंद्र झा के पुत्र शिवम झा (20 वर्ष) तथा अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के बहुवारी वार्ड संख्या-7 निवासी अर्जुन दास के पुत्र विकास कुमार दास (19 वर्ष) के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान शिवम झा के पास से 22 पुड़िया में रखी 5.6 ग्राम स्मैक तथा विकास कुमार दास के पास से आठ पुड़िया में रखी 1.9 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस प्रकार दोनों युवकों के पास से कुल 30 पुड़िया में 7.5 ग्राम स्मैक मिली।पुलिस ने दोनों गिरफ्तार युवकों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही जब्त मोटरसाइकिल के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच में जुटी है।













