संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को पलासी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ कुमार अनिकेत ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में बीडीओ कुमार अनिकेत ने पूजा समितियों को पंडालों एवं मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा व्यवस्था की निगरानी के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी पूजा समितियों की जिम्मेदारी है। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर और डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।वहीं, पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की
आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री दिखाई देने पर लोग खुद प्रतिक्रिया देने के बजाय तत्काल पुलिस-प्रशासन को इसकी सूचना दें। इससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सकेगी।बैठक में पूजा पंडालों में बिजली की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। पूजा समितियों को आग से बचाव के लिए बालू सहित आवश्यक अग्निशमन सामग्री उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों और पूजा समितियों की भी अहम भूमिका है।बैठक के अंत में सभी लोगों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।इस मौके पर सीओ अंशु कुमार सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव, जिला परिषद सदस्य शब्बीर अहमद, मुखिया आदिल रजा, मुखिया रागिब उर्फ बबलू, पूर्व मुखिया हारून रशीद, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामानंद साह, राजद नेता श्याम लाल साह, चेयरमैन हजारी प्रसाद मंडल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।




















