संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना पुलिस ने रविवार को छपनियां चौक वार्ड संख्या-1 के समीप वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को 28 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों की पहचान सिकटी थाना क्षेत्र के सिंधिया निवासी पप्पू कुमार यादव और सुजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से स्मैक के अलावा बाइक, दो मोबाइल फोन और 22,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक स्मैक लेकर सिकटी के रास्ते छपनियां होते हुए धर्मगंज की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम का गठन कर छपनियां चौक के समीप राजस्व कर्मचारी की मौजूदगी में वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।इसी दौरान बाइक सवार दोनों युवक पहुंचे और पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पप्पू कुमार यादव के पैंट की जेब से पन्नी में लपेटकर रखा 28 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुआ। वहीं, सुजीत कुमार के पास से एक मोबाइल और 2,200 रुपये नकद मिले। पुलिस ने बाइक समेत सभी सामान जब्त कर लिया।इस मामले में अवर निरीक्षक विजय कुमार यादव के बयान पर पलासी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवकों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में अररिया न्यायालय भेज दिया गया।




















