संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के एक गांव में मूक-बधिर युवती से जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता की बहन के आवेदन पर पलासी थाना में गांव के ही मु. अकबर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बीते रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वादिनी पंचायत के मुखिया के यहां बाल्टी लेने गई थी। करीब नौ बजे वापस लौटने पर उसने अपने जलावन घर में आरोपित युवक को अपनी 25 वर्षीय मूक-बधिर बहन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। आरोप है कि युवती के बोल नहीं पाने का फायदा उठाकर युवक ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।वादिनी के शोर मचाने पर आरोपित वहां से भागने लगा। विरोध करने पर उसने लाठी छीनकर वादिनी के साथ मारपीट की। पीछा करने के दौरान उसके 12 वर्षीय भतीजे के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसके पैर में चोट लगी। शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर आरोपित ने घटना स्वीकार करने और शादी करने की बात कही तथा भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामले में आरोपित अकबर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।





















