नजरिया न्यूज़,अररिया। मनीष कुमार। नगर थाना क्षेत्र के महादेव चौक स्थित फिलिप कार्ट हब में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सभी सामानों को बरामद करने का दावा किया है। यह जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि 16 सितंबर 2026 को केशव कुमार शुक्ला के लिखित आवेदन पर अररिया थाना कांड संख्या 478/2026 दर्ज किया गया था। मामले में फिलिप कार्ट हब में कार्यरत टीम लीडर संदीप कुमार पर लैपटॉप, मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी करने का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी माध्यमों से जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान प्राथमिकी अभियुक्त संदीप कुमार (23) के अलावा जुल्फकार आलम (26) और पंकज कुमार चौधरी (25), सभी हुलास, थाना राघोपुर, जिला सुपौल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर दो Lenovo लैपटॉप, दो मोबाइल, एक आईफोन, एक वायरलेस माउस और दो लैपटॉप बैग बरामद किए गए। छापेमारी टीम में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक समेत पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल रहे। मामले में आगे की जांच जारी है।














