जोकीहाट थाना क्षेत्र के रानी चौक पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और साइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक के अंदर जा घुसे।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक चालक रानी चौक के समीप सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर खाना बना रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसे। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान जहांनपुर गांव निवासी बटेश्वर के पुत्र के रूप में हुई है। वहीं, घायल बाइक चालक नौवा नानकार गांव का निवासी बताया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक में फंसी बाइक और साइकिल को बाहर निकलवाया। एसआई रजनीकांत और सुभाषचंद्र के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद रानी चौक पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।









