जोकीहाट के शम्स तबरेज ने दिल्ली में बढ़ाया कारोबार का दायरा, Ezeepay के 9 साल पूरे
जोकीहाट। अलामा ग़ज़ाली। जोकीहाट से निकलकर दिल्ली में डिजिटल कारोबार की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले शम्स तबरेज उर्फ सब्बू की कंपनी Ezeepay ने नौ वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर दिल्ली के कालकाजी रोड स्थित The Grand Home में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में Ezeepay की नौ साल की कारोबारी यात्रा और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। आयोजकों के मुताबिक, कंपनी का सालाना टर्नओवर करीब 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में जोकीहाट के पूर्व विधायक शाहनवाज आलम, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शकूर आलम, जोकीहाट निवासी मोहम्मद जुगनू समेत कई लोग शामिल हुए। जोकीहाट से जुड़े स्थानीय पत्रकारों की भी समारोह में मौजूदगी रही। अतिथियों ने शम्स तबरेज को Ezeepay के नौ वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं।
Cashlo की हुई शुरुआत
इसी समारोह में नए बिजनेस प्लेटफॉर्म Cashlo को भी लॉन्च किया गया। आयोजकों के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म छोटे दुकानदारों और कारोबारियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
Cashlo के माध्यम से व्यापारियों को डिजिटल सेवाओं के साथ अतिरिक्त कैश लाभ देने की योजना है। इसके अलावा पात्र दुकानदारों को कारोबार की जरूरत के अनुसार लोन सुविधा उपलब्ध कराने की भी बात कही गई है।
आयोजकों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म का मकसद छोटे कारोबारियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना और उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग करना है।
शम्स तबरेज की कारोबारी यात्रा जोकीहाट से शुरू हुई और दिल्ली तक पहुंची। डिजिटल क्षेत्र में उनकी सफलता को स्थानीय लोगों ने युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। Ezeepay के नौ वर्ष पूरे होने के साथ Cashlo की शुरुआत को उनके कारोबारी सफर में नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
















